कैथल में हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शिनी ने दिल्ली में छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बहन-बेटियों के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और सरकार पूरे मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई करेगी।

ऊषा प्रियदर्शिनी वीरवार को कैथल के नागरिक अस्पताल के औचक निरीक्षण के लिए पहुंची थीं। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा तथा सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्रा को चोट लगी है तो उसके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शिनी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि विरोध-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होना चाहिए। उनके अनुसार, कई बार कुछ असामाजिक या उपद्रवी तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं से जुड़ी किसी भी शिकायत या घटना को गंभीरता से लिया जाता है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

कैथल दौरे के दौरान उन्होंने नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। वहां पर महिला मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

सभी अधिकारी इस पर गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं पर अस्पताल प्रबंधन की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!