आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर दिल्ली के शंभू बॉर्डर पर किसान बड़ी संख्या में इकट्ठे होकर बड़े प्रदर्शन की योजना बना रहे हैं। शनिवार को पेरिस ओलिंपिक से डिसक्वालिफाई हुईं पहलवान विनेश फोगाट भी पहुंची। किसानों ने उनका सम्मान किया। बताया जा रहा है कि इसके बाद वे विनेश फोगाट खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होंगी।

शंभू बॉर्डर पर मीडिया से बात करते हुए विनेश ने कहा कि आज किसानों को यहां बैठे 200 दिन हो गए, लेकिन जोश पहले दिन जैसा ही है। आपकी बेटी आपके साथ है। मैं सरकार को कहती हूं कि देश के लोग हक की आवाज उठाते हैं तो हर बार यह पॉलिटिकल नहीं होता। इसे किसी धर्म से नहीं जोड़ना चाहिए। अगर आपने कानूनों को लेकर माफी मांगी है तो उनकी मांगों को पूरा करना चाहिए।
कांग्रेस के विधानसभा चुनाव में टिकट दिए जाने के सवाल पर विनेश ने कहा कि मैं इस पर कुछ नहीं बोलूंगी। मैं राजनीति पर बात नहीं करूंगी। मुझे राजनीति का कुछ नहीं पता। मैं सिर्फ खेलों के बारे में बता सकती हूं। विनेश के चरखी दादरी या जुलाना सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा है।
मैं अपने परिवार के पास आई हूं। अगर आप इस पर बात करेंगे तो आप उनके (किसानों) के संघर्ष और लड़ाई को बर्बाद कर देंगे। आज फोकस मुझ पर नहीं है, फोकस किसानों पर होना चाहिए। मैं एक एथलीट हूं। मैं पूरे देश की हूं। मुझे इस बात से कोई लेना-देना नहीं है कि किस राज्य में चुनाव हो रहे हैं। मैं सिर्फ इतना जानती हूं कि मेरा देश पीड़ित है, किसान परेशान हैं। उनके मुद्दों का समाधान होना चाहिए और इसे हल करना सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
