रोहतक, 18 अप्रैल : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों की टीम के साथ जिला में बाढ़ बचाव प्रबंधों का संयुक्त निरीक्षण किया तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न ड्रेनों पर जारी कार्यों को समयबद्ध पूर्ण किया जाये। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जिला की ड्रेनों की सफाई के कार्य को भी निर्धारित अवधि तक पूर्ण करवाया जाये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ बचाव के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे है तथा भविष्य में जल भराव की समस्या से निजात मिलेगी।
सचिन गुप्ता ने सर्वप्रथम जींद रोड़ पर ड्रेन संख्या 8 की सफाई का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रेन की अच्छी तरह सफाई करवाई जाये ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जल प्रवाह में किसी प्रकार का अवरोध न हो। उन्होंने इसके उपरांत बहु अकबरपुर गांव के नजदीक दिल्ली हिसार मार्ग पर लाखनमाजरा लिंक ड्रेन की क्रॉसिंग बिंदु का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इस ड्रेन की अच्छी तरह सफाई करवाई जाये तथा तटबंध को मजबूत करवाया जाये। गत वर्षा ऋतु के दौरान यह तटबंध टूटने से खेतों में पानी जमा हो गया था। सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता सतपाल दलाल ने कहा कि विभाग द्वारा निर्धारित अवधि तक सभी ड्रेनों की सफाई का कार्य पूर्ण करवा दिया जायेगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने इसके उपरांत खरकड़ा गांव में रेलवे फाटक से महम लिंक ड्रेन तक निर्माणाधीन कंक्रीट की प्रोटेक्शन वॉल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार भी मौजूद रहे। विभाग द्वारा महम ड्रेन तक लगभग 2250 फीट लंबी प्रोटेक्शन वॉल क्का निर्माण अढ़ाई करोड़ रुपये की लागत से करवाया जा रहा है, जिससे 30 जून 2026 से पूर्व पूर्ण करवा लिया जायेगा। इस कंक्रीट की दीवार के साथ-साथ लगभग 12 फीट की ड्रेन बनाकर खेतों में जमा होने वाले पानी को पंपों की मदद से महम लिंक ड्रेन में डाला जायेगा। इसके उपरांत उपायुक्त ने बहलबा गांव में गांव की तरफ महम लिंक ड्रेन पर साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कंक्रीट की प्रोटेक्शन वॉल के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कंक्रीट वॉल का निर्माण कार्य 30 जून से पूर्व पूर्ण करवाया जाये ताकि वर्षा ऋतु के दौरान ड्रेन का पानी गांव की आबादी में न घुसे।
सचिन गुप्ता ने इसके उपरांत खरकड़ा गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे महम लिंक ड्रेन पर स्थापित किए गए पंप हाऊस का निरीक्षण किया। इस पंप हाउस में 3 पंप स्थापित किए गए है ताकि जलभराव की स्थिति में तुरंत पानी को ड्रेन में डाला जा सके। सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता ने बताया कि विभाग द्वारा अपनी मशीन से इस ड्रेन के लगभग 10 किलोमीटर हिस्से की सफाई करवाई जा चुकी है तथा शेष हिस्से की सफाई भी निर्धारित अवधि तक पूर्ण करवा ली जायेगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने इसके उपरांत स्थानीय भिवानी रोड़ पर ड्रेन नंबर 8 के क्रॉसिंग बिंदु पर ड्रेन की सफाई का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को समयबद्ध सफाई के कार्य को पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय मदवि के पास से गुजरने वाली रोहतक लिंक ड्रेन का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को इसकी सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा रोहतक लिंक ड्रेन को स्थानीय पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से लेकर लगभग 11 हजार फीट हिस्से को कवर करने के लिए 100 करोड़ का प्रस्ताव सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
सचिन गुप्ता ने इसके उपरांत स्थानीय दिल्ली बाईपास स्थित सिंचाई विभाग की कार्यशाला का निरीक्षण किया तथा इस कार्यशाला में रखें गए डीजल इलेक्ट्रिक पंपों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी पंपों को दुरुस्त रखा जाये ताकि वर्षा ऋतु के दौरान आवश्यकता अनुसार इनका प्रयोग किया जा सके। उन्होंने विभाग द्वारा नवनिर्मित स्टोर भवन का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता सतपाल दलाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता अरूण मुंजाल, राजीव राठी, राजेश भारद्वाज, हाइड्रोलॉजिस्ट दलवीर राणा, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार के अलावा सिंचाई विभाग की एसडीओ सुजीत, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ राम प्रसाद, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीई मुकेश कुमार, विनीत रोहिल्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!