हरियाणा में आज मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं रहेगा, लेकिन राज्य के उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्से में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
इन जिलों के लिए मौसम चेतावनी जारी की गई है। राज्य के बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पिछले 24 घंटे में हरियाणा के अधिकतम तापमान में औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
वहीं न्यूनतम तापमान औसतन 1.3 डिग्री घटा और सबसे कम 24.6 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम (AWS) में दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में बारिश की संभावना है
इसके अलावा पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, दादरी और भिवानी में मौसम शुष्क रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 4 अगस्त तक बारिश के आसार है। 31 जुलाई को उत्तर और पूर्वी हरियाणा में बारिश का दायरा बना रहेगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में भारी बारिश की संभावना है।
1 अगस्त को उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, बाकी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का अंदेशा है। 2 अगस्त को पश्चिमी जिलों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई जिलों में छिटपुट से मध्यम बारिश के आसार हैं। अगले 4-5 दिनों तक मानसून बना रहेगा, लेकिन पूरे प्रदेश में वर्षा की संभावना कम है।
