हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में बुधवार देर शाम गैस सिलेंडर में हुए जोरदार ब्लास्ट से इलाके में हड़कंप मच गया। गरीब नगर मोहल्ले में स्थित एक परचून की दुकान के पीछे बने कमरे में छोटे गैस सिलेंडरों में गैस भरते समय अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में 6 लोग झुलस गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी मोनू ने गरीब नगर में मकान और दुकान किराए पर ले रखी थी। वह आगे परचून की दुकान चलाता था, जबकि पीछे बने कमरे में छोटे गैस सिलेंडरों में गैस भरने का काम किया जाता था। बुधवार शाम गैस भरने के दौरान अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया।
धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर कमरे की दीवार तोड़ते हुए दुकान तक आ पहुंचा। इसकी चपेट में कमरे में मौजूद लोग और दुकान के काउंटर के पास खड़े लोग भी आ गए। हादसे में अभय, उमर, विनय, चंदन, पिंटू और मन्नू गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इनमें अभय और चंदन की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना के एसएचओ सचिन कुंडू ने बताया कि ओम नगर क्षेत्र से सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छोटे सिलेंडर में गैस भरते समय हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 6 लोग झुलसे हैं, जिनमें से दो को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

