भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और प्रेमानंद महाराज से जुड़ा एक दावा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दावा किया गया था कि वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए विराट कोहली को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये दिए गए थे। अब विराट कोहली की ओर से इस दावे का खंडन किया गया है। उनके प्रवक्ता ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें झूठा, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है।

विराट कोहली के प्रवक्ता की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली को लेकर किए गए दावे पूरी तरह गलत और तथ्यों से परे हैं। बयान में स्पष्ट किया गया कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से केवल अपनी गहरी आस्था और सम्मान के कारण मिलने जाते हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली के बारे में जो दावे किए हैं, वे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं। बयान में आगे कहा गया कि विराट कोहली, प्रेमानंद महाराज जी के प्रति अपनी गहरी आस्था और सम्मान के कारण ही उनसे मिलने जाते हैं। हम इन दावों का पुरजोर खंडन करते हैं और मीडिया से आग्रह करते हैं कि वे ऐसी बातों को रिपोर्ट करने या आगे बढ़ाने से पहले पूरी सावधानी बरतें, तथ्यों की जांच करें और जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करें।

दरअसल, सोशल मीडिया पर हाल के दिनों में एक दावा वायरल हुआ, जिसमें कहा गया कि राजस्थान की एक निजी कंपनी ने कथित तौर पर विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम तक लाने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। यह दावा फलाहारी महाराज के नाम से मशहूर दिनेश शर्मा ने किया था।

दावे के मुताबिक, जनवरी 2023 में विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज से पहली मुलाकात के दौरान एक प्रॉपर्टी बिल्डर लॉबी और राजस्थान की एक निजी कंपनी ने कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। आरोप में यह भी कहा गया कि इसके पीछे उद्देश्य प्रेमानंद महाराज के प्रचार और लोकप्रियता को बढ़ाना था। गौरतलब है कि विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा अक्सर प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन जाते रहते हैं। दोनों की महाराज के साथ मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!