पानीपत। जिले के बड़ौली गांव स्थित पशु अस्पताल में तैनात एक पशु चिकित्सक को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पशुपालक से पशुओं का लोन पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने ट्रैप लगाकर उसे 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि बड़ौली गांव के पशु अस्पताल में तैनात VLDA अशोक कुमार पशुओं का लोन पास कराने के एवज में 7,500 रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई।

योजना के तहत एसीबी टीम ने शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी ने 5 हजार रुपए की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। बताया जा रहा है कि आरोपी इसराना थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है।

अस्पताल में मचा हड़कंप

एसीबी की अचानक कार्रवाई से पशु अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। टीम के पहुंचते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया, जिसके बाद मौके पर कर्मचारियों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कुछ समय तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

एसीबी कार्यालय में पूछताछ जारी

एसीबी के इंस्पेक्टर हेमराज ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पानीपत स्थित कार्यालय लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही टीम

सूत्रों के अनुसार, एसीबी की टीम आरोपी के कार्यकाल और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं उसने पहले भी लोन या अन्य सरकारी कार्यों के नाम पर लोगों से अवैध वसूली तो नहीं की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!