
पंचकूला/अंबाला, 20 नवंबर। हरियाणा की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे पंचकूला स्थित अपने आवास पर थे। शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए अंबाला लाया जाएगा।
उनके बेटे एवं अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पिता के निधन की जानकारी साझा की। उनके निधन से हरियाणा की राजनीति में शोक की लहर है।
हरियाणा कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक रहे प्रदेश अध्यक्ष
चौधरी फूल चंद मुलाना हरियाणा कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रहने वाले नेताओं में शामिल थे। उन्होंने अगस्त 2007 में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और करीब साढ़े छह साल तक इस पद पर रहे। फरवरी 2014 में उनकी जगह अशोक तंवर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
उनके अध्यक्ष रहते हुए 2009 में हरियाणा विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी।
वकालत से शुरू हुआ राजनीतिक सफर, 4 बार बने विधायक
फूल चंद मुलाना का जन्म 6 अप्रैल 1941 को हुआ था। उन्होंने कला संकाय में स्नातक और एलएलबी की पढ़ाई की। इसके बाद वकालत शुरू की और फिर राजनीति में कदम रखा।
उन्होंने 1972 में कांग्रेस के टिकट पर मुलाना विधानसभा सीट से पहला चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर पहली बार विधायक बने। 1982 में कांग्रेस से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा और दूसरी बार विधानसभा पहुंचे। 1991 में कांग्रेस के टिकट पर तीसरी बार विधायक बने। इसके बाद 2005 में मुलाना सीट से चौथी बार जीत हासिल की।
हुड्डा सरकार में संभाला कैबिनेट मंत्री का पद
वर्ष 2005 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार में फूल चंद मुलाना को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। उन्होंने प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बेटा सांसद और बहू विधायक, परिवार की तीसरी पीढ़ी तक पहुंची राजनीतिक पहचान
फूल चंद मुलाना की राजनीतिक विरासत को उनके बेटे वरुण चौधरी ने आगे बढ़ाया। वरुण ने 2014 में पहली बार मुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2019 में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी राजबीर सिंह को 1,688 वोटों से हराकर विधायक का चुनाव जीता।
इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने वरुण चौधरी को अंबाला सीट से उम्मीदवार बनाया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को हराकर सांसद का चुनाव जीता।
वरुण चौधरी के सांसद बनने के बाद खाली हुई मुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस ने उनकी पत्नी पूजा चौधरी को टिकट दिया। पूजा चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी संतोष चौहान सारवान को 12,865 वोटों से हराकर पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया।
चौधरी फूल चंद मुलाना के निधन से हरियाणा कांग्रेस ने अपना एक अनुभवी और वरिष्ठ राजनीतिक नेता खो दिया है। उनका लंबा राजनीतिक सफर और प्रदेश कांग्रेस में दिया गया योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
