रोहतक, 20 नवंबर। रोहतक के मोखरा छाज्याण गांव में पत्नी मीना (36) की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि शादी के डेढ़ साल बाद से ही उसकी बहन को प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ लगातार मारपीट होती थी और परिवार ने पुलिस से कई बार शिकायत भी की थी। इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे। अब इस मामले में पुलिस ने पति नरेश उर्फ नीशू पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतका के 17 वर्षीय बेटे समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

2006 में हुई थी शादी, शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना

मृतका के भाई अजय निवासी बहादुरगढ़ ने बताया कि वर्ष 2006 में उसकी छोटी बहन मीना की शादी मोखरा निवासी नरेश के साथ हुई थी। मीना और नरेश के एक बेटा और एक बेटी हैं। आरोप है कि शादी के करीब डेढ़ साल बाद ही नरेश ने मीना के साथ मारपीट शुरू कर दी थी।

अजय के मुताबिक, नरेश शराब और अफीम के नशे में अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मीना कई बार मायके भी चली आई थी।

8-10 महीने मायके में रही, पुलिस को 6-7 बार दी शिकायत

अजय ने बताया कि लगातार प्रताड़ना के कारण मीना करीब 8 से 10 महीने तक मायके में रही। इस दौरान परिवार ने पुलिस को 6-7 बार शिकायत दी। सीएम विंडो पर भी शिकायत की गई, लेकिन परिवार का आरोप है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

परिवार के अनुसार, पंचायत के माध्यम से कई बार समझौता भी कराया गया, लेकिन कुछ समय बाद फिर से मारपीट शुरू हो जाती थी।

जेठ-जेठानी और बेटे पर भी मारपीट के आरोप

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि मीना के साथ उसके जेठ मुकेश, सुरेश, जेठानियों और उनके बच्चों के अलावा उसका अपना बेटा भी मारपीट करता था। परिवार का कहना है कि मीना लगातार इस प्रताड़ना से परेशान थी और उन्हें इसकी जानकारी देती रहती थी।

भांजी का फोन आया- पापा मां को लोहे की रॉड से पीट रहे हैं

अजय के अनुसार, 18 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे उसकी भांजी नक्ष का फोन आया। उसने बताया कि उसके पिता नरेश उसकी मां मीना को लोहे की रॉड से पीट रहे हैं। उनके हाथों और पैरों पर लगातार वार किए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही अजय अपने पिता लाखराम को साथ लेकर बहादुरगढ़ से मोखरा गांव पहुंचा। वहां पहुंचने पर मीना बेड पर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

भाई का दर्द- बहन को वापस ससुराल नहीं भेजते तो बच जाती जान

अजय ने दर्द बयां करते हुए कहा कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी बहन के साथ मारपीट हो रही थी। परिवार ने कई बार शिकायतें दीं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उसने कहा कि अगर परिवार मीना को दोबारा ससुराल नहीं भेजता तो शायद आज उसकी बहन जिंदा होती।

पति गिरफ्तार, 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

थाना बहुअकबरपुर के एसएचओ जसबीर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में पति नरेश के साथ उसका 17 वर्षीय बेटा भी शामिल है। पुलिस ने देर रात नरेश को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!