हरियाणा के पंचकूला में एक युवक की बोलेरो पिकअप गाड़ी दुकान के बाहर से चोरी हो गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें तीन युवक बाइक पर सवार होकर आते हैं और कुछ ही मिनटों में गाड़ी लेकर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भट्ट मोहल्ला निवासी विकास, जो बरवाला में DJ का काम करता है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने काम के लिए महिंद्रा बोलेरो पिकअप गाड़ी रखी हुई है, जो उसके भाई जगमोहन के नाम पर है। वह रोज की तरह रात को गाड़ी अपनी दुकान के बाहर खड़ी कर घर चला गया था।
अगली सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो गाड़ी गायब थी। इसके बाद उसने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें रात करीब 2:27 बजे तीन अज्ञात युवक बाइक पर आते दिखाई दिए और थोड़ी ही देर में गाड़ी चोरी कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, गाड़ी की बॉडी पर बड़े अक्षरों में अंग्रेजी में “KING DJ” लिखा हुआ है, जिससे उसकी पहचान आसानी से हो सकती है। उसने बताया कि आस-पास काफी तलाश के बावजूद गाड़ी का कोई सुराग नहीं लग पाया। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी बरवाला ने कार्रवाई करते हुए मामला थाना चंडी मंदिर में दर्ज कराया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
चंडी मंदिर थाना के जांच अधिकारी ASI रवि शेर ने बताया कि शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को काबू करने का दावा पुलिस ने किया है।

