हरियाणा के झज्जर शहर में घना कोहरा होने की वजह से बाइपास पर दो ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कोहरे की वजह से दृश्यता कम थी, जिसके चलते सड़क पर खड़े ट्रक को बचाने के चक्कर में हादसा हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ के गांव हरदोई निवासी विनोद ने बताया कि वह अपने ट्रक में परचून का सामान लेकर देर रात करीब 1 बजे गुरुग्राम से लुधियाना जा रहा था। वहीं उसके साथ ट्रक में उनके गांव का करीब 30 वर्षीय गौरीशंकर भी सवार था। रात के समय धुंध के कारण दृश्यता भी कम थी। लेकिन जब वे गुढ़ा बाइपास पर फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो सामने सड़क पर ट्रक खड़ा दिखाई दिया।

ट्रक में भिड़ने से बचने का प्रयास किया, लेकिन जब तक उससे बचकर दूसरी साइड हो पाते, उससे पहले ही दोनों की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस तक पहुंचाई। पुलिस नेे मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया। इतनी देर में राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

हादसे में यूपी निवासी गौरीशंकर व विनोद के अलावा दूसरे ट्रक में सवार जींद जिला के उचाना कलां निवासी करीब 52 वर्षीय शमशेर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सकों ने शमशेर व गौरी शंकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं विनोद का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक शमशेर के परिजनों ने बताया कि वह ट्रक में बिनौला लेकर छत्तीसगढ़ से भिवानी जा रहा था। इसी बीच यह हादसा हो गया।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!