हरियाणा के पानीपत शहर की महादेव कॉलोनी में दिहाड़ी मजदूरी करने वाले युवक को साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। ठगों ने बैंककर्मी बनकर युवक को फोन किया और उसके खाते में पड़े रुपए डबल करने का झांसा देकर उससे सभी जरूरी दस्तावेज व्हाट्सऐप पर मंगवा लिए। इसके बाद उसके खाते से रुपए निकाल लिए।
इतना ही नहीं, ठगों ने उसे अपना ही बैंक खाता नंबर दिया और उसमें रुपए भेजने को कहा। युवक ठगों के जाल में पूरी तरफ फंस चुका था। उसने अपनी मां और बहन के गहने समेत अपनी बाइक बेची व मार्केट से रुपए उधार लेकर ठगों के खातों में डलवा दिए। ठग अब और रुपयों की मांग करने लगे तो युवक को खुद के साथ ठगी होने का अहसास हुआ। जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
किला थाना पुलिस को दी शिकायत में राकिब अली ने बताया कि वह महादेव कॉलोनी का रहने वाला है। 9 जनवरी को मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का कर्मी बताया। उसने कहा कि वह उसके खाते के रुपए डबल कर देगा। इससे पहले की राकिब उससे कुछ पूछता, उसने अचानक से कहा कि आपके खाते में बहुत गड़बड़ी चल रही है, यह सभी अभी ठीक न की गई तो खाते से रुपए नहीं निकल पाएंगे। इसके लिए आप जल्दी से अपने बैंक खाते की कॉपी, पैन कार्ड, आधार कार्ड आदि व्हाट्सऐप पर भेज दो। यह सभी दस्तावेज मंगवाने के बाद ठग ने उसके मोबाइल फोन पर एक ओटीपी भेज कर पूछा। ओटीपी पूछते ही उसने खाते से 1 लाख 32 हजार 161 व 50000 की दो ट्रांजेक्शन में रुपए निकाल लिए।
खाते से रुपए निकलने के बारे में जब राकिब ने ठग से पूछा तो उसने कहा कि आपके रुपए आ जाएंगे। इसके लिए उन्होंने एक और बैंक अकाउंट नंबर दिया, जिसमें रुपए डलवाने को कहा। राकिब ने अपनी मां के आभूषण बेच कर 10 जनवरी को 32 हजार 500 रुपए ठग के खाते में डलवा दिए। 11 जनवरी को अपनी बहन के गहने बेच कर 15 हजार व 5 रुपए डलवाए। 12 जनवरी को उधार रुपए लेकर 6500, 13 जनवरी को अपनी बाइक बेच कर 15 हजार व 14 जनवरी को फिर से रुपए उधार लेकर 6800 रुपए ठगों के खाते में डलवा दिए।

