हरियाणा के रेवाड़ी जिले में ड्यूटी से घर लौट रहे एक पूर्व सैनिक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सैनिक स्कूल के पास बने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वह नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल पूर्व सैनिक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही गांव मामड़िया आसमपुर में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव मामड़िया आसमपुर निवासी 46 वर्षीय मुकेश कुमार वर्ष 2018 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद करीब आठ महीने पहले उन्हें हरियाणा पुलिस में ग्रुप-डी कर्मचारी के रूप में नियुक्ति मिली थी। वर्तमान में उनकी ड्यूटी गुरुग्राम के भौंडसी पुलिस लाइन स्थित आईआरबी फर्स्ट बटालियन में थी।
रात करीब 12 बजे हुआ हादसा
सोमवार शाम ड्यूटी पूरी करने के बाद मुकेश कुमार घर लौट रहे थे। रेवाड़ी-नारनौल हाईवे से होते हुए वह गोठड़ा गांव के पास सैनिक स्कूल के नजदीक बने आरओबी से पैदल अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह ओवरब्रिज से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे।
अस्पताल में तोड़ा दम
गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और घायल को तुरंत सरकारी अस्पताल रेवाड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
मुकेश कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके एक भाई का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 15, 12 और 10 वर्ष है। मुकेश की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद खोल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
