चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में 26 एजेंडों पर चर्चा हुई, जिनमें से 22 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक के बाद सीएम ने कई बड़े फैसलों की घोषणा की, जिनका सीधा असर युवाओं, महिलाओं, वाहन खरीदारों, ग्रामीणों और उद्योग जगत पर पड़ेगा।
कैबिनेट के प्रमुख फैसले
🔹 अग्निवीरों को 20% आरक्षण
- हरियाणा के पूर्व अग्निवीरों को IRB, SDRF, फायरमैन और वाइल्डलाइफ गार्ड के पदों पर 20% हॉरिज़ॉन्टल आरक्षण मिलेगा।
- सरकार पहले ही ग्रुप-B, ग्रुप-C, पुलिस कांस्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डर और माइनिंग गार्ड में भी आरक्षण की व्यवस्था कर चुकी है।
🔹 EV खरीदने वालों को बड़ी राहत
- ₹30 लाख तक के इलेक्ट्रिक टू, थ्री और फोर व्हीलर पर 100% मोटर वाहन कर छूट।
- ₹30 लाख से अधिक कीमत वाले EV पर 50% टैक्स छूट।
- CNG वाहनों पर पहले से मिल रही 20% टैक्स छूट जारी रहेगी।
🔹 महिलाओं को अतिरिक्त फायदा
- महिलाओं के नाम पर खरीदे गए ₹20 लाख तक के नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहन पर 1% अतिरिक्त टैक्स छूट मिलेगी।
🔹 लाल डोरा वालों को मालिकाना हक
- ग्रामीण आबादी देह (लाल डोरा) क्षेत्र में वर्षों से रह रहे लोगों को उनके मकानों का कानूनी मालिकाना हक मिलेगा।
🔹 PMAY-U 2.0 के तहत राहत
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 60 वर्गमीटर तक के मकानों पर स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क में विशेष छूट।
प्रॉपर्टी टैक्स का नया सिस्टम
- शहरों को A1, A2, B और C श्रेणियों में बांटकर नया टैक्स फॉर्मूला लागू होगा।
- नगरपालिका सीमा में शामिल गांवों के लाल डोरा क्षेत्र के मकानों को 75% टैक्स रिबेट।
- महिलाओं के नाम संपत्ति पर 25%, दिव्यांगों को 10% और वेस्ट मैनेजमेंट अपनाने वाली सोसायटियों को 10% छूट।
- धार्मिक स्थल, सरकारी स्कूल, अस्पताल, अनाथालय, वृद्धाश्रम, श्मशान, कब्रिस्तान और कृषि भूमि प्रॉपर्टी टैक्स से मुक्त रहेंगे।
पुलिस हिरासत में मौत पर मुआवजा
- पुलिस हिरासत, यातना, पिटाई, आत्महत्या या ड्यूटी में लापरवाही से मौत होने पर परिजनों को ₹7.5 लाख मुआवजा मिलेगा।
- प्राकृतिक मृत्यु, बीमारी, हिरासत से भागने या प्राकृतिक आपदा में मौत पर यह मुआवजा नहीं मिलेगा।
पटवारियों के लिए राहत
- प्रशिक्षण अवधि डेढ़ साल से घटाकर एक साल कर दी गई।
- अब प्रशिक्षण के दौरान स्टाइपेंड की जगह पूरा नियमित वेतन मिलेगा।
MSME और उद्योगों को बढ़ावा
- नई MSME एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी-2026 के तहत अगले पांच वर्षों में ₹55,000 करोड़ निवेश और 5 लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य।
- ऑटोमोबाइल, EV, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, फार्मा और एग्रो-प्रोसेसिंग सेक्टर को प्राथमिकता मिलेगी।
अल्पसंख्यक आयोग का गठन
- हरियाणा राज्य अल्पसंख्यक आयोग के गठन को मंजूरी।
- आयोग में 1 अध्यक्ष, 5 गैर-सरकारी सदस्य और 1 सचिव होंगे तथा इसे सिविल कोर्ट जैसी शक्तियां प्राप्त होंगी।
रेवाड़ी में बनेगी नई यूनिवर्सिटी
- रेवाड़ी में कुसुम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी।
- इसका उद्देश्य नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ाना है।
गुरु रविदास जयंती पर कलश यात्रा
सीएम सैनी ने बताया कि इस वर्ष गुरु रविदास जयंती के अवसर पर पूरे हरियाणा में कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए भाजपा की टीम वाराणसी से कलश लेकर आएगी, जिसे पहले गुरुग्राम के शीतला माता मंदिर में रखा जाएगा और फिर पूरे प्रदेश में यात्रा निकाली जाएगी।
कॉमनवेल्थ गोल्ड विजेता को बधाई
मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली पैरा एथलीट शर्मीला धनखड़ को भी बधाई दी।
