जींद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक खेतों में स्प्रे करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक को एक गाड़ी ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक घायल युवक का उपचार जारी है।
मृतकों में से एक युवक तीन बच्चों का पिता बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पिल्लुखेड़ा थाना के पीएसआई रोहित ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। प्रारंभिक जांच में बाइक अनियंत्रित होकर गिरने का मामला लग रहा है। इस हादसे में एक साइकिल सवार बिहारी युवक घायल भी हुआ है। जिसका पीजीआई में इलाज चल रहा है।
पुलिस पता लगाने का प्रयास करेगी कि किसी अन्य वाहन ने तो बाइक को टक्कर नहीं मारी। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी।
