हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा में गुरुवार रात 35 वर्षीय लकड़ी कारोबारी दिलावर का उसके घर के बाहर से फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि अपहरण की साजिश उसके ही एक दोस्त ने रची। दोस्त ने जरूरी बात करने के बहाने फोन कर दिलावर को घर से बाहर बुलाया, जहां पहले से सफेद स्कॉर्पियो में सवार चार-पांच युवक मौजूद थे।

घर से बाहर आते ही दिलावर और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी वारदात वहां मौजूद एक परिचित ने देखी, जिसने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पानीपत पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। एसपी के निर्देश पर सीआईए और स्थानीय पुलिस की कई टीमें रातभर आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने इसराना निवासी उस दोस्त को राउंडअप कर लिया, जिसने दिलावर को फोन कर घर से बाहर बुलाया था। हालांकि, बाकी आरोपी दिलावर को लेकर फरार हो गए।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे दिलावर ने एक अज्ञात नंबर से अपने परिजनों को फोन किया। उसने बताया कि वह इस समय सोनीपत में है और बदमाश उसे रातभर अलग-अलग जगहों पर घुमाते रहे। दिलावर ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की है। उसने यह भी कहा कि स्कॉर्पियो का तेल खत्म होने के कारण आरोपी रास्ते में रुके हुए हैं।

दिलावर के फोन की सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो सोनीपत के आसपास मिली। इसके बाद पानीपत पुलिस की विशेष टीमें तुरंत सोनीपत के लिए रवाना हो गईं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दिलावर को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और फरार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल मतलौडा थाना पुलिस इस सनसनीखेज अपहरण की वारदात की जांच पुरानी रंजिश, पैसों के लेनदेन और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!