हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचलकर तीन लोगों की हत्या कर दी गई। परिजनों ने इसे पुरानी रंजिश में अंजाम दी गई सुनियोजित हत्या बताया है। वहीं, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव डिकाडला निवासी नरेंद्र सिंह (46) और विनोद (48) स्कूटी पर खेत से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें गांव के ही अनिप (36) मिल गए। तीनों डिकाडला-आटा रोड पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8:45 बजे आटा की तरफ से तेज रफ्तार में आई एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र सिंह और अनिप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनोद ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो सहित मौके से फरार हो गया।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई सोची-समझी हत्या है। उनका कहना है कि आरोपियों ने हत्या को हादसे का रूप देने की कोशिश की। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि नरेंद्र सिंह खेतीबाड़ी के साथ-साथ प्रॉपर्टी का काम भी करते थे, जबकि अनिप गाहल्याण बी-टेक पास थे। तीनों मृतक शादीशुदा थे और अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
समालखा के डीएसपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!