हरियाणा के सिरसा में 22 वर्षीय संदीप कुमार की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में जांच के दौरान उसकी कुछ वॉट्सएप चैट सामने आई हैं। इन चैट्स में संदीप और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच नए मोबाइल फोन और गिफ्ट को लेकर बातचीत होती दिखाई दे रही है। पुलिस का मानना है कि इसी रिश्ते को लेकर उपजे विवाद ने बाद में खूनी रूप ले लिया।

सामने आई चैट के अनुसार, युवती संदीप से नया फोन और गिफ्ट दिलाने की बात कर रही थी। इस पर संदीप ने कुछ दिनों की मोहलत मांगते हुए कहा कि उसके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं। एक चैट में युवती ने उसे पैसे ट्रांसफर करने के लिए कोड स्कैनर भी भेजा। जवाब में संदीप ने लिखा कि उसके पास अभी केवल 500 रुपए हैं और वह गिफ्ट उधार में दिलवा सकता है।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पैसों और गिफ्ट को लेकर कई बार बहस हुई। इसी वजह से युवती नाराज हो गई और उसने संदीप के फोन उठाने भी बंद कर दिए। इसके बाद संदीप लगातार उसे कॉल और मैसेज करता रहा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप के बार-बार कॉल और मैसेज करने की जानकारी युवती के परिजनों को लग गई थी। परिजनों ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह युवती के संपर्क में बना रहा। इसी बीच युवती का रिश्ता कहीं और तय हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनकी बहन की सगाई हो चुकी थी, इसके बावजूद संदीप उससे लगातार बातचीत करता था। रात-रात भर फोन और मैसेज करने की बात जब रिश्तेदारों तक पहुंची तो युवती का रिश्ता टूट गया। आरोपियों के मुताबिक इसी बात को लेकर परिवार में नाराजगी बढ़ गई थी।

पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में युवती के भाइयों ने संदीप की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत उसे सिरसा के दुर्गा माता मंदिर चौक के पास अकेला पाकर चाकुओं से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।

वीडियो में संदीप वारदात से ठीक पहले युवती के चचेरे भाइयों काकू और जतिन के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। कुछ ही मिनट बाद दोनों आरोपियों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे दुर्गा माता मंदिर चौक के पास संदीप काकू और जतिन के साथ बातचीत कर रहा था। इस दौरान वह उनकी बाइक पर हाथ रखकर खड़ा था और करीब दो मिनट तक किसी से फोन पर भी बात करता रहा। वीडियो में दोनों आरोपी सिर पर लाल और सफेद रंग का साफा बांधे हुए नजर आ रहे हैं।

फुटेज में आगे दिखाई देता है कि अचानक काकू ने संदीप पर चाकू से हमला शुरू कर दिया, जबकि जतिन बाइक से उतरकर उसे पीटने लगा। दोनों ने मिलकर संदीप पर कई वार किए और उसे खून से लथपथ हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। वारदात देखकर वहां से गुजर रही एक महिला भी घबराकर दूर भाग गई। बाद में राहगीरों ने घायल संदीप को बाइक पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

गिरफ्तार आरोपियों की निकाली परेड
हत्या के आरोप में गिरफ्तार काकू और जतिन को पुलिस ने पकड़ने के बाद थाने में परेड करवाई। दोनों के सिर मुंडवाए गए थे। परेड के दौरान दोनों आरोपी लंगड़ाते हुए नजर आए और उनके चेहरों पर मायूसी दिखाई दी। काकू पर संदीप को चाकुओं से गोदने का आरोप है, जबकि जतिन भी हमले में शामिल था।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 19 से 20 साल की उम्र के हैं और मृतक की कथित गर्लफ्रेंड के चचेरे भाई हैं। दोनों कोई स्थायी काम नहीं करते और जरूरत पड़ने पर मजदूरी करते हैं। वारदात के बाद वे लगातार ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वैदवाला क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया।

युवती की भूमिका की भी जांच
सिटी थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे घटनास्थल की निशानदेही करवाई जा रही है और हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों ने युवती और संदीप के बीच लगातार बातचीत होने के आरोप लगाए हैं। इसे लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) मंगवाए गए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!