गुरुग्राम। गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को हड़कंप मच गया। धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद एहतियात के तौर पर नगर निगम कार्यालय को खाली करा लिया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम को सुबह करीब 11 बजकर 38 मिनट पर धमकी भरा ई-मेल मिला। मेल में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी की जानकारी मिलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए पूरे कार्यालय को खाली कराया गया।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस धमकी भरे ई-मेल की जांच करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि इसे कहां से और किसने भेजा।

बताया जा रहा है कि ई-मेल ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजा गया है। हालांकि, मेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान और धमकी की प्रामाणिकता को लेकर जांच जारी है।
इससे पहले 31 जुलाई को भी गुरुग्राम के कोर्ट परिसर और लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली थी। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर की जांच की थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!