यमुनानगर। हथनीकुंड बैराज पर ट्रेनिंग के दौरान मोटर बोट पलटने के बाद लापता हुए 1 पैरा (SF) के दोनों कमांडो के पार्थिव शरीर बरामद हो गए हैं। करीब 35 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में सेना, NDRF, SDRF समेत करीब 50 जवानों ने यमुना और उससे जुड़ी नहरों में लगातार तलाश की।

हादसा मंगलवार देर शाम हथनीकुंड बैराज पर ट्रेनिंग के दौरान हुआ था। मोटर बोट पलटने के बाद दो कमांडो लापता हो गए थे। सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुट गईं। तेज बहाव के बावजूद रात में भी अभियान जारी रखा गया और हेलिकॉप्टर की मदद से भी तलाश की गई।

बुधवार को पहले कमांडो का पार्थिव शरीर हथनीकुंड बैराज से करीब 12 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित बडथा गांव के पास मिला। बताया गया कि पार्थिव शरीर एक मछुआरे के जाल में फंसा था। इसके बाद दूसरे कमांडो की तलाश लगातार जारी रही।

गुरुवार को दूसरे कमांडो का पार्थिव शरीर जींद में हांसी ब्रांच नहर के पास मिलने की सूचना सामने आई। पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान सहित आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई। एसडीएम छछरौली जसपाल गिल ने भी पार्थिव शरीर मिलने की पुष्टि की है।

कमांडो के पार्थिव शरीर को लेने के लिए चंडीगढ़ से हेलिकॉप्टर आने की जानकारी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सेना की यूनिट पार्थिव शरीर को अपने साथ लेकर जाएगी।
इस अभियान में सेना के जवानों के साथ NDRF, SDRF और गोताखोरों ने लगातार मशक्कत की। दोनों कमांडो के पार्थिव शरीर मिलने के साथ करीब दो दिनों से चल रहा सर्च ऑपरेशन समाप्त हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!