हरियाणा के कैथल जिले के चीका कस्बे में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के समय मकान मालिक अपने बेटे के पास पंचकूला गया हुआ था और मेडिकल जांच के सिलसिले में घर से बाहर था।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-8 आर-3 चीका निवासी जय भगवान उर्फ ज्ञान गोयल 8 जून को अपने बेटे के पास पंचकूला गए थे। उन्हें मोहाली स्थित अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराना था, जिसके चलते वह रात को भी वहीं रुके हुए थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी का फोन आया कि उनके घर के मुख्य दरवाजे और ताले टूटे हुए हैं।
सूचना मिलते ही जय भगवान तुरंत चीका पहुंचे। घर पहुंचकर देखा तो अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां और लॉकर खुले हुए थे। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर घर से करीब 24 लाख रुपए की नकदी, 60 से 65 तोले सोने के आभूषण और लगभग 10 किलो चांदी चोरी कर ले गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
वहीं, चीका थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी तरसेम सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
