हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धवाना गांव में एक व्यक्ति की मौत के बाद सामने आए घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बिजली निगम ने आरोप लगाया है कि मृतक के परिजनों ने शव को मूल घटनास्थल से उठाकर बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे रख दिया, ताकि मामले को बिजली हादसे के रूप में पेश किया जा सके। निगम ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 11 जून की सुबह गांव धवाना निवासी रघुबीर की मौत हो गई थी। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि रघुबीर की मौत घर या ट्यूबवेल की कोठरी में करंट लगने से हुई थी। इसके बाद परिजनों ने शव को वहां से हटाकर ट्रांसफार्मर के नीचे रख दिया।
बिजली निगम के बड़ौली उपमंडल के एसडीओ द्वारा खोल थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि एरिया इंचार्ज ने सुबह करीब 9:45 बजे जेई सतीश कुमार को सूचना दी थी। सूचना मिलने पर मामले की जांच शुरू की गई।
एएलएम ने बनाई वीडियो
निगम के अनुसार, एएलएम राजकुमार ने खेतों में कुछ लोगों को शव उठाकर ले जाते हुए देखा। उन्होंने करीब 300 मीटर दूर से पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में कुछ लोग शव को उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि अन्य उनके पीछे चलते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि लोग खेतों में पड़े चारे और अन्य सामान की आड़ लेकर आगे बढ़ रहे थे।
वीडियो के आधार पर एएलएम ने शव ले जाने वाले तीन लोगों की पहचान धवाना निवासी विजय कुमार, सतपाल और मंदौला निवासी श्रीकृष्ण के रूप में की है। बताया गया है कि घटना के समय 7 से 8 लोग मौके पर मौजूद थे।
पुलिस को दी गई शिकायत
बिजली निगम के एसडीओ ने कहा कि कर्मचारी द्वारा बनाई गई वीडियो और संबंधित कर्मचारियों के बयान के साथ खोल थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। निगम ने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
खोल थाना के एसएचओ ने बताया कि बिजली निगम की ओर से वीडियो सहित शिकायत प्राप्त हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रघुबीर की मौत वास्तव में किन परिस्थितियों में हुई और क्या शव को ट्रांसफार्मर के नीचे रखने की कोई साजिश रची गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।
