रोहतक के गांव बहु अकबरपुर में पूर्व DSP के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से 15 लाख रुपए से अधिक के गहने व नकदी चोरी कर ले गए। रात को घर में घुसे चोरों ने पहले परिवार वालों को एक कमरे में बंद कर दिया और फिर घर को तसल्ली से खंगाला। इसकी शिकायत पुलिस दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गांव बहु अकबरपुर निवासी सोनू कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता पुलिस में एएसआई व दादा डीएसपी थे। उनकी पत्नी दिल्ली में टीचर के पद पर कार्यरत है। 23 जुलाई की रात को करीब 10 बजे परिवार वाले घर पर सो गए थे और वह रविवार-सोमवार रात करीब 2 बजे तक फिल्म देखता रहा। सुबह करीब 4 बजे उसकी पत्नी उठी। जिसे दिल्ली जाना था।
उन्होंने बताया कि जब उसकी पत्नी कमरे से बाहर निकलने लगी तो देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। जिसके बाद उन्होंने अपनी मां के पास फोन किया जो बड़े भाई के घर में पड़ोस में सो रही थी। उसकी मां ने पहुंचकर दरवाजा खोला और सभी कमरे से बाहर निकले तो देखा की उनके घर में रखा सामान बिखरा हुआ है।
सोनू कुमार ने बताया कि उनके मकान के जिस कमरे में सामान रखा था, उसको चेक किया तो अलमारी में रखे आभूषण चोरी हुए मिले। चोर सोने की चेन, बिस्कुट मॉडल S टाइप, 3 सोने की अंगूठी, 2 कड़े, उसकी मां की सोने की गुजनी, पत्नी की लोकेट वाली चेन, मंगल सूत्र, 1 जोड़ी टोप्स, 3 जोड़ी चांदी की पाजेब, चांदी के 12 सिक्के, 1 सोने का सिक्का चोरी कर ले गए।
उन्होंने कहा कि उसके भाई के मकान में भी चोरी की गई है। उसके बड़े भाई अशोक कुमार की मौत हो चुकी है। जिसके कारण उनकी भाभी अपने बच्चों के साथ रोहतक में रहती है, ताकि अपने बच्चों की ठीक से पढ़ाई करवा पाएं। घर बंद है, इसलिए चोरों ने उसके भाई के घर से सोने का गले का सेट, सोने के झूमके, सोने के 4 कडे़, सोने का लोकेट, छोटे झुमके सोने के, 1 सोने की अंगूठी, 4 जोड़ी चांदी की पाजेब, 1 जोड़ी सोने के बाले, नाक के सोने की तीली चोरी कर लिए।
सोनू कुमार ने बताया कि चोर काफी शातिर थे, जो नंगे पांव घर पर आए और घर से चप्पल पहनकर निकले। जिस तरह चोरी की है, उससे लगता है कि उन्हें घर के बारे में जानकारी होगी। हालांकि जाते समय पीछे के रास्ते से गए। जहां प्लाट की दीवार पर कांच व तार लगाई हुई थी। उससे बचने के लिए घर से गद्दे लेकर गए, ताकि वे सुरक्षित दीवार पार कर सकें।
