रोहतक में सितंबर 2024 में शराब ठेके पर हुए ट्रिपल मर्डर मामले में 5 हजार रुपए के ईनामी आरोपी को काबू किया। आरोपी को अदालत से रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है। आरोपी को पेश अदालत किया गया है। इस केस में 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्रभारी सीआईए-2 स्टाफ सतीश कुमार ने बताया कि 20 सितंबर 2024 को पुलिस को सूचना मिली कि रोहतक सोनीपत रोड पर बलियाणा मोड के पास स्थित शराब ठेके पर गोली चली है। गोली लगने से घायल हुए पांच युवकों को इलाज के लिए पीजीआईएमएस भर्ती करवाया गया। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डॉक्टरों ने 3 युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृत युवकों की पहचान जयदीप पुत्र अनूप निवासी बोहर, विनय पुत्र सतपाल निवासी बोहर और ठेकेदार अमित उर्फ मोनू पुत्र नानेराम निवासी बोहर के रूप में हुई। सेल्समैन अनुज की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

अमित उर्फ मोनू ने रोहतक सोनीपत रोड पर बलियाणा मोड के पास शराब का ठेका लिया हुआ है। अनुज, अमित उर्फ मोनू के शराब के ठेके पर करीब 5 साल से सेल्समैन का काम करता है। 19 सितंबर 2024 को रात करीब 9:30 बजे अनुज अपनी सेल्समैन की सीट पर बैठा हुआ था। ठेकेदार अमित उर्फ मोनू, जयदीप, मनोज निवासी आर्य नगर, दीपक निवासी श्रीनगर कॉलोनी रोहतक ठेके के अंदर पीछे बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। अनुज के पास विनय निवासी बोहर आकर बैठ गया।
तीन युवक हथियारों सहित शराब ठेके के अंदर आए। युवक शराब ठेके के अंदर गए और गोलियां चलानी शुरू कर दी। जयदीप अपना बचाव करते हुए अनुज के पास आया और तकत के नीचे बैठ गया। हमलावर अनुज, जयदीप और विनय की तरफ आए, और विनय को गोली मार दी। हमलावरों ने नीचे बैठकर जयदीप और अनुज पर फायरिंग शुरू कर दी। अनुज को बांये पैर मे 2 गोलियां और जयदीप को छाती में गोलियां लगी। हमलावरों ने दोबारा से ठेके मे अंदर की तरफ जाकर तोडफ़ोड़ की। हमलावरों फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गये। गोली लगने से घायल हुए जयदीप, विनय, अनुज, अमित उर्फ मोनू और मनोज को इलाज के लिए पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों की टीम द्वारा अमित उर्फ मोनू, जयदीप और विनय को मृत घोषित कर दिया गया।
मामले की जांच सीआईए-2 स्टाफ कुलदीप द्वारा अमल मे लाई गई। जांच के दौरान 5000 रुपए के इनामी आरोपी मस्तान पुत्र रहीश निवासी गांव गीजपुरा जिला रामपुर उतर प्रदेश हाल किराएदार किशनपुरा रोहतक को गिरफ्तार किया। वारदात मे शामिल रहे 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी पर थाना शहर जिला रोहतक में हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज है, जिसमे आरोपी फरार चल रहा है। इसके अतिरिक्त आरोपी पर लड़ाई-झगड़े की धाराओं के तहत एक अन्य मामला दर्ज है।
