फरीदाबाद: सीएम फ्लाइंग और फूड एंड सप्लाई विभाग की टीम ने फरीदाबाद में एक चाप बनाने वाली फैक्ट्री में छापेमारी कर भारी मात्रा में मैदा बरामद किया। रेड करने गई टीम ने देखा कि फैक्ट्री में मैदा का इस्तेमाल कर चाप बनाई जा रही थी। मौके पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने चाप के सैंपल जांच के लिए भेजकर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यहां काम करने वाले तीन नाबालिग बच्चों को भी मुक्त कराया है। स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर कंपनी मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग की टीम को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में सोया चाप बनाने वाली कंपनी में मैदे का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस सूचना पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने फैक्ट्री में छापेमारी की। छापेमारी में पाया गया कि सोया कि जगह घटिया मैदे का इस्तेमाल चाप बनाने के लिए किया जा रहा है।

सीएम फ्लाइंग के डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुजेसर इलाके में एक सोया चाप बनाने वाली कंपनी है। उसमें मिलावट कर प्रोडक्ट बनाया जा रहा है। सूचना पर मंगलवार को फूड एंड सप्लाई विभाग की टीम के साथ कंपनी में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में मैदा बरामद किया गया। यह मैदा सोया चाप बनाने में प्रयोग किया जा रहा था।
डीएसपी ने बताया कि कंपनी मालिक दीपक मिलावट का सामान बनाकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। करीब एक साल से उसने यह काम शुरू किया था। रोजाना करीब दो कुंतल माल आसपास के बाजारों में सप्लाई करता है। उन्होंने बताया कि कंपनी में तीन नाबालिग भी काम करते हुए पाए गए। उन्हें मुक्त करा लिया गया है। कंपनी मालिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फूड एंड सप्लाई विभाग द्वारा सोया चाप का सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजा जा रहा है।
