सोनीपत में लुटेरे बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। सोनीपत जिला लूट, चोरी व साइबर ठगी के मामलों में प्रसिद्ध होता जा रहा है। एक के बाद एक लूट की वारदातें पुलिस को खुला चेलेंज करते हुए अपना दबदबा बनाने में कामयाब हो रहे हैं। बदमाश दिन-रात वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल जाते हैं। ऐसी ही वारदात फिर सामने आई है।

सवेरे पौने 3 बजे सुखदेव ढ़ाबा मुरथल में खाना खाने के बाद गाड़ी के पास खड़े व्यक्ति पर पिस्तौल तान कर गले से 3 तोले की चांदी की चेन तोड़ ली। दूसरी वारदात में बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने थाना मोहाना क्षेत्र में टीचर पर लाठी-डंडों से वार कर बाइक, मोबाइल फोन, पर्स आदि लूट लिया। टीचर को पीजीआई खानपुर में दाखिल कराया गया। इससे पहले मंगलवार को लूट, छीना झपटी और चोरी की कई वारदातें सामने आई थी। बढ़ती गुंडागर्दी से लोग भयभीत हैं।

बताया गया है कि दिल्ली से करनाल और बठिंडा लौट रहा एक परिवार सुबह पौने 3 बजे खाना खाने के लिए जीटी रोड पर सुखदेव ढ़ाबा पर रुका था। इनमें करनाल के सेक्टर-8 निवासी सिद्धांत, बठिंडा थर्मल कॉलोनी का रजनीश और इसकी पत्नी प्रिया गाबा खाना खाने के बाद रोड पर गाड़ी के पास खड़े थे। सिद्धांत से मिली जानकारी के अनुसार काले कपड़ों में 2 लड़के उनके पास आए और छाना झपटी करने लगे। इस बीच एक युवक ने सिद्धांत की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी और गले से चांदी की 3 तोले की चेन तोड़ ली। इसके बाद वे फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। इंचार्ज ईएसआई सुरेंद्र ने बताया कि रजनीश ने फोन कर वारदात की जानकारी दी थी। वे मौके पर पहुंचे तो सिद्धांत ने पूरी वारदात बताई। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी की बात कह कर रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया। बाद में सुरेंद्र ने थाना मुरथल में वारदात की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों पर 379B,34 IPC एवं 25-54-59 ए.एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

सोनीपत के गांव गुहणा के टीचर श्रीपाल भी लुटेरों का शिकार बना है। वह मोहाना के आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में टीचर है। उसने बताया कि वह बाइक पर गांव गुहणा जा रहा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन लड़के आए। अपनी बाइक उसकी बाइक के आगे अड़ा कर उसे रोक लिया। युवकों ने लाठी डंडों से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद वे उसे घायल कर बाइक, पर्स और मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। टीचर श्रीपाल को राहगीरों ने पीजीआई खानपुर में दाखिल कराया।

एक बाइक सवार 3 युवक ग्रामीण क्षेत्र में लगातार वारदात कर रहे हैं। लोग इससे भयभीत हैं। कल रात को बजाना कलां के पास तीन युवकों ने किसान पर हमला कर बाइक छीनी। सफियाबाद के शराब के ठेके पर लूटपाट करने वाले भी 3 युवक थे। अब टीचर के साथ लूटपाट में भी बाइक सवार तीन युवकों का नाम आया है।

थाना मोहाना कलां के एसआई नरेश कुमार ने बताया कि रात को उनको सूचना मिली कि श्रीपाल पीजीआई खानपुर में उपचाराधीन है। वे मौके पर पहुंचे और बयान दर्ज किए। बताया कि 3 लड़कों ने उस पर हमला करके बाइक, पर्स और फोन लूटा है। डॉक्टर ने एमएलआर में उनके शरीर पर 3 चोटों की पुष्टि की है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर धारा 392,394,379B के तहत केस दर्ज किया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!