यमुनानगर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान इरफान पुत्र गफूर निवासी गांव सरांवा, थाना सढौरा के रूप में हुई है। वह खेत में घास काटने गया था, इसी दौरान खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक गिर गया और उसकी चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया।
परिजनों के अनुसार इरफान रविवार सुबह करीब 11 बजे साइकिल पर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में घास लेने गया था। उसने खेत के बाहर साइकिल खड़ी की और अंदर जाकर घास काटने लगा। इसी दौरान खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक गिर पड़ा और उससे जुड़ी बिजली की तारें सीधे इरफान के ऊपर आ गिरीं। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर पिता गफूर उसे तलाशते हुए खेत में पहुंचे। बाहर साइकिल खड़ी देख उन्होंने इरफान को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खेत के अंदर जाकर देखा तो बिजली की तारें जमीन पर पड़ी थीं और इरफान झुलसी हालत में पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही सढौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के चचेरे भाई कादिर ने बिजली निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खेत में लगाया गया बिजली का खंभा जमीन में मात्र दो से तीन फुट तक ही गाड़ा गया था, जिसके कारण वह गिर गया। यदि खंभा सही तरीके से लगाया गया होता तो यह हादसा टल सकता था।
बताया जा रहा है कि इरफान अपने परिवार का इकलौता बेटा था और बारहवीं तक पढ़ाई करने के बाद घर पर रहकर परिवार का सहारा बन रहा था। उसकी दो बहनें हैं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
