अमृतसर से पांच दिन पहले विदेश गए एक युवक की संदिग्ध हालत में मौतका मामला सामने आया है। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार सदमे में हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें भी कुछ समझ नहीं आ रहा। स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक अमृतसर के सरहदी गांव बिक्राओर में रहने वाला बिक्रमजीत सिंह पांच दिन पहले ही इंग्लैंड गया था। उसके साथ उसकी 3 साल की बेटी भी साथ थी। बिक्रम के पिता पुलिस में तैनात सब-इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह ने बताया कि उसका छोटा बेटा वरिंदर सिंह कई सालों से इंग्लैंड में रह रहा है। मृतक बिक्रमजीत की पत्नी व बड़ी बहू दो महीने पहले इंग्लैंड स्टडी वीजा पर चली गई थी। बीती 15 नवंबर को ही उसका बड़ा बेटा भी अपनी बेटी को लेकर इंग्लैंड चला गया था।
मृतक के पिता लखविंदर सिंह ने बताया कि इंग्लैंड से मिली जानकारी के अनुसार, बिक्रमजीत सिंह बीती रात घर से बाहर सामान लेने गया था, लेकिन उसके बाद वह वापस ही नहीं लौटा। इसकी जानकारी उसकी पत्नी किरण व छोटे बेटे वरिंदर ने पुलिस को दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो सुबह उसका शव घर के पास ही मिला।
पिता लखविंदर ने बताया कि उसका पूरा परिवार अब इंग्लैंड में है, लेकिन वह अमृतसर में फंसा हुआ है। घर में मातम का माहौल छाया हुआ है। इंग्लैंड की पुलिस से बात हुई थी। उनका कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है। पहले बिक्रमजीत सिंह की मौत का कारण ढूंढा जा रहा है।
