पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गन कल्चर को खत्म करने के लिए शादी व धार्मिक समारोह में हथियारों की नुमाइश पर पूरी तरह से पाबंदी लगा रखी है, लेकिन अमृतसर में एक पुलिस कर्मी का अपनी ही शादी में फायरिंग करने का वीडियो वायरल हुआ, जिसे देखकर थाना मजीठा पुलिस ने कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में गोलियां चलाने वाला थाना कत्थूनंगल में तैनात कांस्टेबल दिलजोध सिंह है। थाना मजीठा के अंतर्गत आने वाले गांव भंगाली कला में रहने वाला दिलजोध बीते दिनों अपने ही घर में अपनी शादी की डीजे पार्टी में दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग कर रहा था। उसने कई राउंड फायर किए, जिसका वीडियो बना कर किसी ने सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी के लिए वायरल कर दिया, लेकिन वीडियो वायरल होते ही दिलजोध के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
वीडियो वायरल हो जाने के बाद थाना मजीठा की पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें सामने आया कि वीडियो गांव भंगाली कलां का है। फायरिंग करने वाला कोई और नहीं पुलिस विभाग का ही कांस्टेबल है। इसके बाद पुलिस ने दिलजोध के खिलाफ IPC 188 और 336 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
