पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की माता चरण कौर और पिता बलकौर सिंह शुक्रवार को इंग्लैंड (UK) के लिए रवाना हो गए। उन्होंने चंडीगढ़ से फ्लाइट ली। मूसेवाला के माता-पिता की विदेश जाते हुए की तस्वीरें सामने आने के बाद मूसेवाला के फैंस में हलचल सी मच गई है। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने पिछले महीने ही अपने बेटे के हत्यारों के खिलाफ एक्शन लेने के लिए पंजाब सरकार को एक माह का अल्टीमेटम दिया था। बलकौर सिंह ने कहा था कि उनके बेटे के हत्यारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह विदेश जाकर बस जाएंगे। हालांकि अब मूसेवाला के परिवार के करीबियों का कहना है कि दोनों बहुत जल्द भारत लौटेंगे।

फ्लाइट के अंदर बैठे सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और माता चरण कौर।

सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और माता चरण कौर चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर दिखे। तस्वीरों में दोनों एयरपोर्ट के अंदर जाते और इमिग्रेशन चेक-इन करते हुए नजर आए। एक तस्वीर में दोनों फ्लाइट के अंदर बैठे भी दिख रहे हैं। इंग्लैंड में रहने वाले पंजाबी गायक के फैंस ने मूसेवाला के परिवार को इंसाफ दिलाने की मुहिम चला रखी है। इसी कड़ी में 24 नवंबर को इंग्लैंड की पार्लियामेंट के बाहर उनकी तरफ से साइकिल रैली रखी गई है। मूसेवाला के माता-पिता इसी रैली में शामिल होने के लिए इंग्लैंड गए हैं।

मूसेवाला के माता-पिता अपने बेटे के लिए इंसाफ मांग रहे हैं। मूसेवाला के मर्डर में शामिल गैंगस्टर टीनू के दो महीने पहले पुलिस कस्टडी से भाग जाने के बाद दोनों का हौसला टूटता हुआ नजर आया। तब मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा था कि वह पंजाब सरकार को एक महीने का समय देते हैं। अगर उनके बेटे को इंसाफ मिल गया तो ठीक, वरना वह अपने बेटे की हत्या से जुड़ी शिकायत वापस लेकर विदेश चले जाएंगे।

सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने कुछ दिन पहले ही सिग्नेचर मुहिम भी शुरू की थी। इसमें हजारों लोगों ने भाग लिया। वह एप्लिकेशन लेकर पंजाब के डीजीपी से मिलने भी पहुंचे थे। दोनों ने कुछ दिन पहले ही एक भाषण के दौरान पंजाब को असुरक्षित बताते हुए कहा था कि यहां अब हर किसी को अपनी सुरक्षा खुद ही करनी होगी।

सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा के एक गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस और कनाडा में बैठे उसके साथी गोल्डी बराड़ ने ली। इस मामले में पुलिस 25 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। विदेश में बैठे गोल्डी बराड़ को भी पंजाब लाने की तैयारियां चल रही हैं। हालांकि दो महीने पहले ही शूटर टीनू पुलिस गिरफ्त से भाग गया और उसके भागने में पंजाब पुलिस के ही एक इंस्पेक्टर का नाम सामने आया था।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!