मुंबई/पालघर। टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ में नजर आ चुकीं अभिनेत्री संचिता उगले ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वह मात्र 22 वर्ष की थीं। पुलिस के अनुसार उनका शव महाराष्ट्र के पालघर स्थित उनके घर में सीलिंग फैन से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम की है। संचिता अपने माता-पिता के साथ पालघर में रहती थीं। परिवार के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे उनकी बहन घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान संचिता ने अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिवार उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है। संचिता के पिता ने भी किसी व्यक्ति पर सीधे तौर पर कोई आरोप नहीं लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संचिता के निधन से कुछ घंटे पहले ही उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक रील पोस्ट की गई थी, जिसमें वह फिल्मी गाने पर लिपसिंक करती नजर आई थीं। इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक और शुभचिंतक शोक व्यक्त कर रहे हैं।वहीं, संचिता के चचेरे भाई ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि अभिनेत्री मानसिक दबाव में थीं और फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष का सामना कर रही थीं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है।
संचिता उगले ने टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’, ‘साजन घर’ और ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ समेत कई धारावाहिकों में काम किया था। इसके अलावा वह फिल्म ‘छावा’ और ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में भी नजर आ चुकी थीं।अभिनेत्री के निधन की खबर से टीवी और फिल्म जगत में शोक की लहर है। कई कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
