हरियाणा में तापमान 45 डिग्री पार कर गया है। आज भी 12 जिलों में लू चलेगी। मौसम विभाग ने सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही, पंचकूला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर में बारिश की संभावना जताई गई है।
हरियाणा में मंगलवार को अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, प्रदेश का तापमान अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी सिरसा में रही, जहां का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
प्रदेशभर के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में उतार-चढ़ाव देखा गया। सबसे अधिक बढ़ोतरी नूंह जिले में हुई, जहां तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, सबसे अधिक गिरावट हिसार में दर्ज की गई, जहां तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस घटकर 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
