नारनौल में निजी स्कूल की शिक्षिका पर पांचवीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई के आरोप लगे हैं. परिजनों के मुताबिक टीचर की पिटाई की वजह से छात्र के एक कान का पर्दा पूरी तरह फट गया और दूसरे में छेद हो गया. पीड़ित बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज की है, वहीं जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

छात्र शहर के निजी स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ता है. परिजनों के मुताबिक बुधवार को स्कूल की शिक्षिका ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. टीचर ने छात्र के कान पर जोर से थप्पड़ मार दिया. जिससे उसके दोनों कानों के पर्दे फट गए. मामले में पीड़ित छात्र की मां रीना शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी है. शिकायत में रीना ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं. दोनों ही शहर के निजी स्कूल में पढ़ते हैं. उसका बड़ा बेटा कक्षा 6 में पढ़ता है जबकि छोटा बच्चा 5वीं कक्षा में पढ़ता है

.शिकायत में बताया गया है कि बीते कल भी उसके दोनों बच्चे स्कूल गए थे. छोटा बच्चा उसकी ही क्लास के दूसरे बच्चे के साथ खेल रहा था. इस दौरान उसका बेटा दूसरे बच्चे के साथ शरारत कर रहा था. इसतने में प्रीति नाम की मैडम आई, जो उसके बेटे को ईवीएस पढ़ाती है. वह आते ही दोनों बच्चों को मारने लगी. उसने उसके बेटे के कान पर बहुत जोर से थप्पड़ जड़ दिया. जिससे उसके बेटे के दोनों कानों के पर्दे फट गए हैं. बच्चे ने घर पर जाकर सारी बात बताई. जिसके बाद रीना अपने बेटे को अस्पताल लेकर पहुंची. जहां उसके बेटे का इलाज चल रहा है. चिकित्सकों का कहना है कि बच्चे के एक कान का पर्दा पूरी तरह से फट गया है, जबकि दूसरे कान के पर्दे में भी छेद हो गया है.

वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है. पुलिस जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी. स्कूल संचालक ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. हमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर भरोसा है. जहां तक मेरी जानकारी है मामले में कोई सच्चाई नहीं है. पुलिस जांच में सब साफ हो जाएगा.

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!