हरियाणा में देर रात आए आंधी- तूफान से कई जिलों में भारी नुकसान हुआ। यमुनानगर में बिजली के खंभे टूटने से ट्रांसफॉर्मर नीचे गिर गया। बिजली के तार भी सड़क पर ही पड़े रहे। शुक्रवार शाम फतेहाबाद में आंधी से मोबाइल टावर टूटकर नीचे लटक गया।
वहीं हिसार में 440 KVA बिजली के तार टूट गए, पोल टूटकर खेत में गिर गया। इससे विभिन्न जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। नूंह में आंधी में दीवार गिर गई। अलग- अलग हादसों में दीवार के नीचे गिरने से 2 बच्चों की मौत हो गई।
आंधी-तूफान के साथ प्रदेश के 9 जिलों- रेवाड़ी, सिरसा, हिसार, गुरुग्राम, नूंह, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी और फतेहाबाद में तेज आंधी-बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। इससे अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने आज भी 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। आज हरियाणा उत्तर-पूर्वी हिस्सों- यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान की संभावना है। इसके साथ ही ओलावृष्टि और भारी बारिश की आशंका है।

गुरुवार को शाम को हरियाणा में करीब 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। तूफान का असर इतना खतरनाक था कि फतेहाबाद के जांडवाला बांगर में एक मोबाइल टावर बीच से टूटकर नीचे लटक गया।
वहीं हिसार के किरमारा गांव में 440 केवीए लाइन के टावर टूटकर गिर गए। इसके कारण कई इलाकों में रातभर बत्ती गुल रही। सिरसा के चौपटा क्षेत्र में पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए। वहीं बिजली के खंभों को भी नुकसान पहुंचा है।
तेज आंधी में गुरुवार को नूंह के गोलपुरी में क्रिकेट खेल रहे 4 बच्चे तूफान आने पर स्कूल की दीवार के पास जाकर बैठ गए। इसी दौरान दीवार अचानक बच्चों पर गिर गई। इसमें सूफियान (13) निवासी गोलपुरी की मौके पर ही मौत हो गई, आशिक (12), कामिल (9) पुत्र खुर्शीद और वसीम (10) पुत्र सिराजुद्दीन घायल हो गए। दूसरा हादसा गांव चंदेनी में हुआ। यहां तेज तूफान के दौरान एक मकान के आंगन की दीवार गिरने से 9 वर्षीय अन्वेष की मौत हो गई
गुरुवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिनों के मुकाबले 3.4°C की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब भी सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सिरसा में 45.4°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा हिसार में 44.2°C, महेंद्रगढ़ में 44.4°C, रोहतक में 43.3°C, गुरुग्राम में 38.1°C और अंबाला में 39.4°C तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह हरियाणा के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 1.2°C की मामूली बढ़ोतरी देखी गई। लेकिन यह सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 22.3°C दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो रोहतक में न्यूनतम पारा 24.2°C, चंडीगढ़ में 25.6°C, गुरुग्राम में 27.0°C और अंबाला व नारनौल में 28.0°C दर्ज किया गया।

