अष्टमी पर मां के साथ पूजा का सामान प्रवाहित करने गया था शुभम, मां को डूबता देख तालाब में लगाई छलांग; दो घंटे की तलाश के बाद मिला शव
यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के मुरादपुर गांव में मां की जान बचाने के लिए तालाब में कूदे 28 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। अष्टमी के अवसर पर मां के साथ पूजा का सामान प्रवाहित करने गए शुभम ने अपनी मां को डूबता देख तालाब में छलांग लगा दी। उसने मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद तालाब में बने गहरे गड्ढे में फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और गोताखोरों ने युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तुरंत जगाधरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मां का पैर फिसलने से हुआ हादसा
ग्रामीण अनिल कुमार के अनुसार, शुभम रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी मां सुनीता के साथ गांव के तालाब में ज्यों प्रवाहित करने गया था। उसकी मां तालाब के किनारे खड़ी होकर पूजा का सामान पानी में डाल रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गई।
मां को डूबता देख शुभम ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उसने अपनी मां को सुरक्षित किनारे पहुंचा दिया, लेकिन इस दौरान वह खुद तालाब में बने गहरे गड्ढे में फंस गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया और डूब गया।
दो घंटे तक चला तलाश अभियान
शुभम के तालाब में डूबने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। डायल 112 की टीम और गोताखोरों को भी बुलाया गया। इसके बाद तालाब में युवक की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दो साल पहले पिता की भी हो चुकी मौत
शुभम यमुनानगर की एक फैक्ट्री में काम करता था। वह दो भाइयों में छोटा था और अभी अविवाहित था। करीब दो साल पहले उसके पिता की भी मौत हो गई थी। अब बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
तालाब के किनारे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद परिजनों ने तालाब के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि वहां उचित सुरक्षा व्यवस्था होती, तो ऐसे हादसे को रोकने में मदद मिल सकती थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाना था। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

