हरियाणा के हांसी के निकटवर्ती गांव चैनत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन पर कथित अवैध ‘टी’ (कनेक्शन) लगाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोमेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार दोपहर सोमेश शर्मा अपने कुछ साथियों के साथ दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान रामायण टोल प्लाजा पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे मामले में गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सोमेश शर्मा का नाम पिछले दिनों चैनत गांव में चल रहे भाखड़ा पाइपलाइन विवाद के दौरान चर्चा में आया था। वह स्वयं को भाजपा से जुड़ा बताता रहा है और उसके कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आई थीं। हालांकि, हरियाणा सरकार के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार का सोमेश शर्मा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने उसे “फ्रॉड आदमी” बताया था।
20 जून को लगाया गया था कथित अवैध कनेक्शन
यह पूरा मामला 20 जून का है। आरोप है कि चैनत गांव में चल रहे धरने के दौरान सोमेश शर्मा ने भाखड़ा पाइपलाइन पर बिना अनुमति ‘टी’ लगवा दी थी। दो दिन बाद 22 जून को प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर इस अवैध कनेक्शन को हटवा दिया था।
इस संबंध में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने सोमेश शर्मा, धरना समिति के पदाधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसके बाद से ही उसकी गिरफ्तारी की मांग लगातार उठ रही थी।
धरना खत्म कराने के बाद आए थे चर्चा में
21 जून को धरनास्थल पर सोमेश शर्मा ने दावा किया था कि सरकार ने गांव को टी-पॉइंट देने की मांग स्वीकार कर ली है और पाइपलाइन से कनेक्शन जोड़ने का काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और उन्होंने पांच बुजुर्गों को जूस पिलाकर अनशन भी तुड़वाया था।
हालांकि, अगले ही दिन विभाग के एक्सईएन संजीव त्यागी ने साफ कर दिया कि विभाग ने किसी भी प्रकार के टी-पॉइंट की अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि बिना विभागीय स्वीकृति के पाइपलाइन पर कनेक्शन लगाया गया, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
क्या है पूरा विवाद?
अमृत योजना के तहत करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बरवाला के राजली हेड से हांसी शहर तक लगभग 30 किलोमीटर लंबी भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। यह पाइपलाइन चैनत गांव से होकर गुजरती है।
ग्रामीणों की मांग है कि जब पाइपलाइन उनके गांव से होकर गुजर रही है तो उन्हें भी इससे पेयजल कनेक्शन दिया जाए। वहीं, प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना केवल हांसी शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए स्वीकृत है, इसलिए योजना के तहत गांव को इससे पानी उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
