कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। खानपुर कोलियां गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराते हुए दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय राममिलन निवासी गांव गेठा, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह लुधियाना में सिलाई का काम करता था। हादसे में घायल उसका दोस्त अभिराज वर्मा निवासी रुदन खेड़ा, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) भी लुधियाना में ही सिलाई का काम करता है।
दिवाली पर गांव जाने के लिए निकले थे दोनों दोस्त
घायल अभिराज वर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त राममिलन दिवाली पर अपने गांव जाने की बात कह रहा था। इसके बाद दोनों राममिलन की बाइक पर सवार होकर लुधियाना से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुए। बाइक राममिलन चला रहा था और अभिराज पीछे बैठा हुआ था।
सुबह 4 बजे पीछे से कार ने मारी टक्कर
दोनों दोस्त सुबह करीब 4 बजे खानपुर कोलियां गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार आई और चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। इसके बाद दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
हादसे के बाद कार लेकर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान सब्जी से लदी रेहड़ी वाली बाइक पर जा रहे दो राहगीर मौके पर रुके और घायलों को सड़क किनारे पहुंचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी लेकर दिल्ली की तरफ फरार हो गया।
अस्पताल में राममिलन ने तोड़ा दम
अस्पताल में इलाज के दौरान अभिराज को पता चला कि उसके दोस्त राममिलन की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई है। वहीं अभिराज का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और परिवार कुरुक्षेत्र पहुंच रहा है।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार के नंबर को लेकर सामने आई जानकारी में अंतर होने के कारण पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
