हिसार में पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए दो होटलों में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। डीएसपी वुमेन सेफ्टी प्रिया शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सैनी विद्युत नगर के पास स्थित होटल बलिश और एटूजेड होटल में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों होटलों से 18 युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल मालिक और मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।पुलिस प्रवक्ता मदनलाल के अनुसार, सोमवार को पुलिस टीम ने दोनों होटलों पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही एक होटल का मैनेजर काउंटर छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद दोनों होटलों के सभी कमरों की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कई युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने सभी युवतियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अपने संरक्षण में ले लिया।छापेमारी के दौरान पुलिस को कमरों से बड़ी संख्या में कंडोम और होटल का एंट्री रजिस्टर भी बरामद हुआ। पुलिस ने सभी दस्तावेज और अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल संचालक उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से युवतियों को लाकर होटल में ठहराते थे।स्थानीय लोगों का दावा है कि दोनों होटलों में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। आसपास के दुकानदारों के अनुसार, होटल के लगभग हर कमरे में एक युवती रहती थी और ग्राहक आने पर मैनेजर उन्हें अलग-अलग कमरों में ले जाकर युवतियों से मिलवाता था। ग्राहक की पसंद के अनुसार युवती चुनने के बाद रेट तय किए जाते थे। हालांकि, इन दावों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।पुलिस जांच में होटल संचालकों की भूमिका सामने आने के बाद हिसार की रेलवे स्टेशन कॉलोनी निवासी दक्ष और शिव कॉलोनी निवासी रोहित के खिलाफ इमोरल ट्रैफिकिंग एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले के सभी होटल, गेस्ट हाउस, रिसॉर्ट और लॉज संचालकों को ठहरने वाले लोगों का पहचान पत्र लेने और पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इन होटलों में नियमों की अनदेखी की जा रही थी।फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह रैकेट कब से संचालित हो रहा था, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसके तार किन-किन राज्यों तक जुड़े हुए हैं। मामले की जांच जारी है।
