हरियाणा के कैथल में शुक्रवार सुबह BJP नेता की हत्या करने जा रहे शूटर का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। बदमाश की पहचान झज्जर के छुड़ानी निवासी अनूप उर्फ फैजल के रूप में हुई है। फैजल ने 7 मार्च को पुंडरी के BJP नेता विनोद बंसल और उनके भाई बलराज बंसल से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।

कैथल में झज्जर जिले के कुख्यात बदमाश अनूप उर्फ हेजल की शुक्रवार तड़के पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बदमाश के खिलाफ दिल्ली, यमुनानगर, झज्जर और कैथल में हत्या, लूट, डकैती और फिरौती के कई मामले दर्ज थे। कैथल स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम को उसकी राजौंद एरिया में मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को बचाने के लिए बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया और बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।

कैथल के राजौंद एरिया में पुलिस को इनपुट मिला कि अनूप उर्फ हेजल वहां मौजूद है। एएसआई तरसेम की अगुवाई में पुलिस टीम ने रातभर तलाश अभियान चलाया। सुबह करीब 3 बजे उसे राजौंद-जींद रोड पर मोटरसाइकिल से जाते देखा गया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश ने 10 से 12 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे और जवाबी कार्रवाई में हेजल को गोली लगी। उसे कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अनूप उर्फ हेजल झज्जर में एक व्यक्ति की हत्या कर चुका था। कैथल के पाई गांव में क्रिकेट खेलने जा रहे युवक पर भी उसने गोलियां चलाई थीं। पिछले महीने पुंडरी कस्बे के सलामत स्वीट हाउस पर फायरिंग की थी। इसके अलावा यमुनानगर और झज्जर में भी उसने दो व्यक्तियों को गोली मारी थी। जिसके बाद से फरार चल रहा था।

मृतक बदमाश अनूप उर्फ हेजल पर हरियाणा और दिल्ली में करीब 8 संगीन मामले दर्ज थे। वह लगातार पुलिस से बचता आ रहा था, लेकिन इस बार कैथल स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने उसे घेरकर मार गिराया। पुलिस का कहना है कि इस एनकाउंटर से क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध पर लगाम लगेगी और अपराधियों में खौफ पैदा होगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!