हरियाणा के इकलौते एयरपोर्ट को हवाई जहाज उड़ाने के लिए लाईसेंस मिल गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने गुरुवार देर शाम को यह लाईसेंस जारी किया है जिसके बाद अब हिसार एयरपोर्ट से जल्द ही घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। बता दें कि हरियाणा का अपना पहला एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के जेवर एयरपोर्ट से पहले शुरू हो सकता है। दोनों ही राज्य अपना-अपना एयरपोर्ट शुरू करने को लेकर सक्रिय हैं।

हिसार एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने के लिए सरकार एलायंस एयर से समझौता कर चुकी है। शुरू में यहां से 5 राज्यों के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी। जिनमें अयोध्या, जम्मू, जयपुर, दिल्ली और अहमदाबाद शामिल है। शुरू में यहां से 70 सीटर उड़ानें शुरू होंगी। अगर इतने पैसेंजर मिले तो ठीक वर्ना इसे घटाकर 40 सीटर उड़ान तक सीमित कर दिया जाएगा। इस मामले में 2 जनवरी को डीजीसीए नागरिक उड्डयन विभाग के सलाहकार नर हरि सिंह बांगर ने भी यहां का दौरा किया था।

लाइसेंस मिलने के बाद अब हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क साधकर समय मांगेगी। सबकुछ ठीक रहा तो रामनवमी के दिन ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या जाने वाली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं।
