महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के गांव सुरानी में एक महिला पर अपने पति की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव सुरानी निवासी रामकुमार ने बताया कि उसके 31 वर्षीय बेटे शशिकांत की दूसरी शादी वर्ष 2023 में गुरुग्राम जिले के गांव मऊ लोकरी निवासी सरस्वती के साथ हुई थी। सरस्वती का भी यह दूसरा विवाह था। दंपती का करीब दो साल का एक बेटा भी है।

रामकुमार के अनुसार शशिकांत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। शनिवार को वह काम से घर लौटा था। घर पहुंचने पर उसकी पत्नी ने उसे खाना परोसा और अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने बेटे को नहाकर आराम करने की सलाह दी और खुद खाना खाने बैठ गया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद और बढ़ गया। जब वह कमरे की ओर गया तो उसने देखा कि सरस्वती एक चाकू फेंककर घर से बाहर भाग रही थी। कमरे के अंदर शशिकांत गर्दन पर हाथ रखे बैठा था और खून बह रहा था।

रामकुमार का आरोप है कि वह मदद के लिए बाहर गया, लेकिन जब वापस लौटा तो शशिकांत फर्श पर पड़ा था। अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप मौके पर पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सदर थाना नारनौल के प्रभारी धर्मबीर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर पत्नी सरस्वती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी महिला फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!