महेंद्रगढ़ के कस्बा कनीना में स्थित GL पब्लिक स्कूल ईद पर छुट्टी के बाद भी खुला था। गुरुवार सुबह बस करीब 35 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इस बीच गांव उन्हानी के पास हादसा हो गया।
5 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 ने अस्पताल में दम तोड़ा। हादसे में मरने वाले बच्चों की पहचान सत्यम (16), युवराज (14), दो सगे भाई यशु व अंशु, वंश (14) और रिकी (15) के रूप में हुई है। इनमें से 4 एक ही गांव झाड़ली के हैं। मरने वालों में राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के भांजे पूर्व सरपंच संजय शर्मा का पुत्र भी शामिल है।
महेंद्रगढ़ के एसपी अर्श वर्मा ने कहा कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे की घटना है। ड्राइवर के शराब के नशे में होने की सूचना है। हम उसका मेडिकल करवा रहे हैं। वह ज्यादा तेज गति से स्कूल बस चला रहा था। जिस वजह से बस रोड से फिसल गई और पेड़ से टकरा गई।

मामले में पुलिस ने ड्राइवर धर्मेंद्र, स्कूल प्रिंसिपल दीप्ति राव और स्कूल सचिव होशियार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। शुरूआती जांच में पता चला कि ड्राइवर के नशे में होने पर ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी। दीप्ति ने कहा कि आज बस ले जाने दीजिए, कल हटा देंगे लेकिन उससे पहले ही ये हादसा हो गया।

वहीं राज्य के परिवहन मंत्री असीम गोयल ने महेंद्रगढ़ रिजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) के असिस्टेंट सेक्रेटरी प्रदीप कुमार को सस्पेंड कर दिया है। उन्हें बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे वाहनों पर रोक न लगाने का जिम्मेदार माना गया है।

वहीं ट्रांसपोर्ट कमिश्नर यशेंद्र सिंह ने नारनौल के डीटीओ प्रदीप कुमार को सस्पेंड कर दिया है। एडिश्नल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर को मामले की जांच सौंपते हुए शुक्रवार तक रिपोर्ट मांगी गई है।

