हरियाणा के सोनीपत से एक निजी स्कूल की बस के ड्राइवर द्वारा नाबालिग छात्रा से रेप का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार ड्राइवर छात्रा को रोजाना स्कूल लाता और ले जाता था। एक दिन उसने सभी बच्चों को उतारने के बाद छात्रा को बस में ही रोक लिया और अपनी हवस का शिकार बनाया।
डर में छात्रा कई दिन तक यह बात छुपाए रही। आरोप है कि ड्राइवर ने दोबारा फिर डरा धमका कर उसका रेप किया। इससे छात्रा इतनी डर गई कि स्कूल जाना तक बंद कर दिया। परिवार ने जब उसकी यह हालत देखी तो शक हुआ। पूछने पर छात्रा ने ड्राइवर की करतूत बताई।इसके बाद दादी पीड़ित पोती को लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्टूडेंट का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। उधर, पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी गांव भटगांव का रहने है। वह विवाहित है, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं है। पिता की मृत्यु हो चुकी है, उसके घर में पत्नी और मां साथ रहती है।
पूरा मामला :- छात्रा सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और इसी क्षेत्र के ही एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 12 में पढ़ती है। स्कूल घर से काफी दूर है, इसी वजह से परिजनों ने उसके लिए स्कूल बस की व्यवस्था की थी। यह बस स्कूल प्रशासन की ओर से ही चलाई जा रही थी। परिवार ने बेटी को स्कूल आने जाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए स्कूल प्रिसिंपल से मिलकर फीस भी भरी थी। स्कूल प्रशासन ने भी अपने ट्रांसपोर्टेशन व्यवस्था की खूब तारीफ की थी।
परिवार की ओर से सदर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले छात्रा ने स्कूल की छुट्टी कर ली। परिवार ने कारण पूछा तो बताया कि तबीयत ठीक नहीं है। परिवार ने आराम करने की सलाह दी। मगर, अगले कुछ रोज जब छात्रा स्कूल नहीं गई तो उन्हें चिंता हुई। इस पर जब बेटी से पूछा तो वो रोने लगी। पूछने पर बताया कि स्कूल बस के ड्राइवर ने उसके साथ रेप किया है।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह रोजाना की तरह अन्य बच्चों के साथ स्कूल बस से आती-जाती थी। करीब दो माह पहले स्कूल बस के ड्राइवर ने बस से सभी बच्चों को उतार दिया, जबकि उसे ‘एक काम है’, कहते हुए रोक लिया। आरोप है कि अन्य बच्चों के बस से उतर जाने के बाद ड्राइवर उसे बहला फुसला कर बाइक पर अपने साथ एक सुनसान जगह ले गया और जबरन रेप किया।उसे धमकी दी कि किसी को बताया तो जान से मार देगा।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को आगे बताया कि धमकी की वजह से वह काफी डर गई थी। उसने किसी को कुछ नहीं बताया। आरोप है कि कुछ दिन पहले ड्राइवर एक बार फिर उसे बस में रोक लिया। कहा कि तुम्हारी कुछ फोटो और वीडियो मेरे पास है, वायरल कर दूंगा, तो बदनाम हो जाएगी। इसका डर दिखाकर फिर उसे सुनसान जगह लेकर रेप किया। इस बार भी उसे जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित छात्रा के बयान और उसकी दादी की शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ड्राइवर फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
