रोहतक। पूर्वांचल एकता सेवा समिति के त्रिवार्षिक चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। प्रधान पद के चुनाव में शेर चुनाव चिन्ह से मैदान में उतरे संजीव सिंह ने 49 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी उगता सूरज चुनाव चिन्ह वाले मदन कुमार को 13 वोट मिले। इसके साथ ही संजीव सिंह लगातार दूसरी बार समिति के प्रधान निर्वाचित हुए।
समिति के कुल 72 सदस्यों में से 62 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया चुनाव अधिकारी राधेश्याम शर्मा की देखरेख में हिसार बाईपास स्थित समिति कार्यालय में संपन्न हुई। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और विजयी प्रत्याशी का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
चुनाव अधिकारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। वहीं, सचिव पद पर नाम वापसी के बाद दिनेश निर्विरोध निर्वाचित हुए। वे लगातार दूसरी बार सचिव बने हैं। इसके अलावा पप्पू सिंह को नामांकन वापसी के बाद निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुना गया। वे लगातार तीसरी बार इस पद पर निर्वाचित हुए।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं पूर्वांचल समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
