हरियाणा के हिसार में गुरुवार को गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब जजपा के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला की मौजूदगी में छात्रों ने वीसी ऑफिस का गेट तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सिटी में युवा सम्मेलन कराने की अनुमति नहीं मिलने से नाराज छात्र और जजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ ने वीसी ऑफिस का गेट तोड़ दिया। हालात बिगड़ते देख कुलपति नरसीराम बिश्नोई पिछले गेट से गाड़ी में बैठकर निकल गए।

इसके बाद प्रदर्शनकारी वीसी ऑफिस के अंदर जाने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान जजपा कार्यकर्ताओं, छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण बन गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। इसी बीच महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती पर दिग्विजय चौटाला ने सवाल उठाते हुए कहा कि लड़कों के प्रदर्शन में महिला पुलिस को क्यों बुलाया गया है और पुलिस को हस्तक्षेप न करने की बात कही।

हालात काबू में करने की कोशिशों के बीच जजपा कार्यकर्ताओं और छात्रों ने वीसी ऑफिस पर कब्जा कर लिया और हंगामा जारी रहा। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे हैं।

बताया जा रहा है कि जजपा की युवा विंग यूनिवर्सिटी परिसर में सम्मेलन आयोजित करना चाहती थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद यादव धर्मशाला में कार्यक्रम रखा गया। वहां से संबोधन के बाद दिग्विजय चौटाला ने वीसी ऑफिस का घेराव करने का ऐलान किया, जिसके बाद बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए वीसी ऑफिस पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया।

प्रदर्शन के दौरान दिग्विजय चौटाला ने कुलपति पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो वीसी अपनी कुर्सी नहीं संभाल सकता, वह यूनिवर्सिटी क्या संभालेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!