मंदसौर: मध्य प्रदेश में अजीबोगरीब घटनाएं घटते रहती है। मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बरखेड़ा उदा गांव एक स्कॉर्पियो से एक करोड़ 29 लाख रुपए कैश मिले हैं। यह काली स्कॉर्पियो गांव के सरपंच के घर में खड़ी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा उदा में एक बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार से पुलिस ने 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम कार की बॉडी में विशेष तरीके से बनाए गए गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम के सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर उत्तर प्रदेश के दो व्यक्ति बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन कार से पहुंचे हैं। कार घर के पीछे बने बाड़े में खड़ी है। सूचना में यह भी बताया गया कि कार में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित रकम होने की आशंका है, जिसे विशेष तरीके से छिपाया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की विशेष टीम ने सरपंच भवानीशंकर मीणा के निवास पर दबिश दी।
मौके पर बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार और तीन व्यक्ति मिले। पुलिस ने सरपंच भवानीशंकर मीणा के साथ उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद इस्लाम और सूर्य प्रकाश को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने कैश को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इसके बाद पुलिस तीनों को लेकर शामगढ़ थाना पहुंची।
इसके बाद कार की गहन तलाशी के लिए मैकेनिक को बुलाया गया। मैकेनिक की मदद से कार की बॉडी खुलवाकर जांच की गई तो उसके भीतर बनाए गए गुप्त स्थानों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।

