रोहतक जिले के सांपला ब्लॉक स्थित खरावड़ गांव का डाकघर जल्द ही बंद हो सकता है। डाकघर की रिकवरी इनकम में लगातार गिरावट के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इस संबंध में डाकघर अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत खरावड़ को एक पत्र भेजकर चिंता जाहिर की गई है।
पत्र में अधिकारियों ने पंचायत से अपील की है कि ग्रामीणों को डाकघर में निवेश करने और यहां उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि डाकघर की आय में सुधार नहीं होता है, तो खरावड़ गांव से डाकघर को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता है।
गौरतलब है कि समय के साथ लोगों का रुझान बैंकों की ओर बढ़ने और सुविधाओं में बदलाव के कारण डाकघर की आय लगातार प्रभावित हो रही है। ऐसे में यदि ग्रामीणों को जागरूक नहीं किया गया, तो गांव खरावड़ में डाकघर बंद होने की नौबत आ सकती है। डाक विभाग ने ग्रामीणों से डाकघर की बचत योजनाओं, निवेश सेवाओं और अन्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है, ताकि गांव में डाकघर की सेवाएं जारी रह सकें।
