हरियाणा के सिरसा में ऑटो मार्केट स्थित एक होटल में देह व्यापार कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंजाब और चंडीगढ़ की दो महिलाओं ने ब्लू बैरी होटल के मालिक पर नौकरी के बहाने बुलाकर जबरन गलत काम करवाने के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्हें कुकिंग और सफाई के काम के लिए होटल में रखा गया था, लेकिन कुछ महीनों बाद उनसे जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए और देह व्यापार में धकेल दिया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें होटल में बंधक बनाकर रखा गया और करीब 4-5 महीने तक उनका शोषण होता रहा। किसी तरह मौका पाकर दोनों महिलाएं होटल से भागीं और महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िताओं के अनुसार, आरोपियों ने फोन कर उन्हें धमकाया और एक महिला ने खुद को पत्रकार बताते हुए समझौते का दबाव भी बनाया।
पुलिस ने दोनों महिलाओं की शिकायत पर होटल मालिक, उसकी पत्नी, एक कर्मचारी और संबंधित महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी का झांसा देकर बुलाया:
पंजाब के अबोहर की रहने वाली महिला ने बताया कि 8-9 महीने पहले उसकी मुलाकात होटल मालिक से हुई थी। उसे 15 हजार रुपए मासिक वेतन पर खाना बनाने और दूसरी महिला को 12 हजार रुपए पर सफाई का काम देने का वादा किया गया था।
धीरे-धीरे शुरू हुआ शोषण:
महिला ने बताया कि शुरुआती 2-3 महीने सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में होटल मालिक ने जबरन शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिए। इसके बाद बाहरी लोगों को बुलाकर उनसे देह व्यापार करवाया जाने लगा।
बेटी को मारने की धमकी:
पीड़िता ने बताया कि होटल कर्मचारी ने भी उसका शोषण किया। विरोध करने पर उसे और उसकी डेढ़ साल की बच्ची को जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस का बयान:
सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने बताया कि मामला संज्ञान में है और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारी से करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज:
मामले को लेकर स्थानीय विधायक ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
