रोहतक में स्टार्ट खड़ी कार को आंखों के सामने से आरोपी व्यक्ति लेकर फरार हो गया। कार चालक ने उसे पकड़ने के लिए काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वह सफल नहीं हो आया और आरोपी कार लेकर फरार हो गया। घटना उस समय हुई जब कार चालक दिल्ली बाईपास से शीला बाईपास की तरफ जाते हुए बीच में दुकान से सामान खरीदने के लिए कार को स्टार्ट छोड़कर उतरा था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी कार लेकर फरार हो गया।
डिजिटल भूमि के पत्रकार से बातचीत में प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि चालक की आखों के सामने से ही व्यक्ति कार चुरा ले गया। कार स्टार्ट खड़ी थी कि तभी एक दूसरा व्यक्ति आ कर कार में बैठा, शीशे ऊपर चढ़ाए और बहुत तेजी से भगा ले गया। चालक ने बहुत दूर तक कार का पीछा किया लेकिन कार पकड़ पाने में असफल रहा।
सोनीपत के गांव बली कुतुबपुर निवासी आदर्श ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एमडीयू रोहतक में बीए अंतिम वर्ष का छात्र है। वह रोहतक के सेक्टर-3 में किराए के मकान में रहता है। मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे अपनी कार स्विफ्ट में सवार होकर दिल्ली बाईपास से शीला बाईपास की तरफ जा रहा था। बीच रास्ते में एक दुकान पर पहुंचा तो वह कार को सड़क पर ही खड़ी करके सामान लेने चला गया। कार स्टार्ट थी। जब वह सामान लेकर वापस कार की तरफ जाने लगा तो देखा कि अज्ञात व्यक्ति कार में बैठा और कार को भगा ले गया।
आरोपी ने सिर पर परना डाला हुआ था। कार का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी कार लेकर फरार होने में सफल रहा। आरोपी कार को लेकर दिल्ली रोड़ की तरफ भाग गया। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
