सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार अलसुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में बोलेरो सवार 3 महिलाओं समेत 4 की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक सड़क हादसा नेशनल हाईवे 44 पर गांव गढ़ी कलां गन्नौर में हुआ। जहां एक तेज़ रफ्तार पिकअप बोलेरो ने आगे चल रहे एक ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें 6 अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है। हादसे को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। चारों मृतक और घायल उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस इनके परिजनों क पहुंचने का इंतजार कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार यूपी के मथुरा का संदीप, उसका बहनोई सोनू पिकअप बोलेरो में दिल्ली की तरफ जा रहे थे। बुधवार सुबह उन्होंने करनाल से 7 और लोगों को गाड़ी में बैठा लिया। गाड़ी में लिफ्ट लेने वालों में यूपी के अमरोहा के गांव उझारी की सतबीरी, पूजा, सतबीरी की बहन यूपी के गांव रतनगढ़ की दुलारी और अंकित, नीशू, सुलपत व शामा शामिल थे। सतबीरी अपनी बहन के साथ करनाल के एक मधुमक्खी फार्म में काम करती थी।

बोलेरो से ये सभी गन्नौर के पास गांव गढ़ी कलां के नजदीक पहुंचे ही थे कि उनकी गाड़ी की टक्कर सामने जा रही एक धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से हो गई। हादसे में बोलेरो का आगे का हिस्सा बुरी तरह से टूट गया। गाड़ी चला रहे संदीप, दो बहनें दुलारी व सतबीरी और पूजा की मौके पर ही मौत हो गई। इनके अलावा सोनू, अंकित, नीशू, सुलपत व शामा की हालत गंभीर बताई गई है।

हादसे के बाद घायलों को गन्नौर के अस्पताल में ले जाया गया। वहां उनको प्राथमिक उपचार के बाद सोनीपत के नागरिक अस्पताल में रेफर किया गया है। चारों मृतकों के शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे के बारे में सूचना दे दी है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी।

बता दें कि तेज रफ्तार और चालकों के लापरवाही की वजह से सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सरकार और अन्य संगठनों की तरफ से लगातार जागरुकता अभियान चलाए जाने के बाद भी लोग वाहन चलाने में लापरवाही बरत रहे हैं, जिसकी वजह से लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। पुलिस हादसे के कारणों को लेकर छानबीन में लगी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!